मुजफ्फरनगर: जयमाला के बीच मंडप से दुल्हन के जेवर गायब, मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर: नई मंडी क्षेत्र के जानसठ रोड स्थित एक फार्म हाउस में आयोजित विवाह समारोह के दौरान दुल्हन के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो जाने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि करीब 5.5 लाख रुपये से अधिक के आभूषण गायब हो गए। घटना के बाद दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्षों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और काफी देर तक जेवरों की तलाश की जाती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के मुताबिक थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव बिहारीगढ़ निवासी प्रेमचंद की बेटी रक्षा की शादी 10 मार्च को जानसठ रोड स्थित ग्रीन फार्म हाउस में हो रही थी। समारोह के दौरान मंडप में जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच दूल्हा पक्ष की ओर से दुल्हन को मंगलसूत्र, सोने का हार, टीका, कंगन और अंगूठी समेत कई कीमती जेवर दिए गए थे। कुछ देर बाद जब इन आभूषणों को देखा गया तो वे गायब मिले।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के लोगों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन जेवरों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद दुल्हन के पिता ने डेकोरेशन ठेकेदार प्रियांशु (निवासी बिलासपुर) और कार्यक्रम में काम कर रहे कुछ कर्मचारियों पर शक जताते हुए नई मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि कार्यक्रम में फूल वर्षा करने वाली लड़कियां और जोकर का रोल निभाने वाला युवक बिना भुगतान लिए ही अचानक वहां से चले गए और पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
दूसरे मामले में घर का ताला तोड़कर चोरी
उधर, शहर में चोरी की एक और घटना सामने आई है। मूल रूप से रतनपुरी क्षेत्र के गांव बड़सू की रहने वाली पूजा, जो इस समय शांतिनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती हैं, ने भी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 9 मार्च को वह अपने पति प्रदीप के साथ मेरठ के सरधना में रिश्तेदारी के एक शादी समारोह में गई थीं।
जब वे 12 मार्च को घर लौटीं तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर रखी अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नकद गायब थे। पूजा का कहना है कि घर से लगभग दो किलो के आसपास जेवर चोरी हुए हैं।
उन्होंने मकान की दूसरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदारों और घर की चाबी रखने वालों पर शक जताते हुए पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.