मुजफ्फरनगर में खराब AC का निकाला जनाजा, सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा

मुजफ्फरनगर में खराब एसी को लेकर एक ऐसा विरोध प्रदर्शन सामने आया जिसने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में एक कारोबारी परिवार ने खराब एसी से परेशान होकर उसका प्रतीकात्मक ‘जनाजा’ निकाल दिया और सड़क पर जुलूस निकालते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान एसी को फूल-मालाओं से सजाकर ई-रिक्शा की छत पर रखा गया और लाउडस्पीकर के जरिए घोषणाएं करते हुए उसे शहर की सड़कों पर घुमाया गया। यह जुलूस जानसठ रोड स्थित कंबल वाला बाग से शुरू होकर बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक होते हुए भोपा रोड रेलवे ओवरब्रिज तक पहुंचा।

बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी विशाल ट्रेडर्स के शोरूम तक पहुंचकर विरोध दर्ज कराना चाहते थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
मौके पर बढ़ा तनाव, आरोप-प्रत्यारोप
इसी दौरान विशाल ट्रेडर्स के मालिक वात्सल्य गोयल का बेटा वासु गोयल मौके पर पहुंचा, जहां पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान स्थिति बिगड़ गई और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवाद के दौरान वासु गोयल ने महिला प्रियंका जैन के साथ अभद्रता की और धमकी देने के साथ हाथ उठाने की कोशिश की, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने एसी और ई-रिक्शा कब्जे में लिया
मामला बढ़ता देख पुलिस ने मौके पर हस्तक्षेप किया और वासु गोयल को हिरासत में ले लिया। हालांकि इस दौरान वह पुलिसकर्मियों से भी उलझता रहा। बाद में उसे नई मंडी कोतवाली ले जाया गया।
इधर, व्यापारी पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और कथित रूप से हिरासत में लिए गए युवक को छुड़ाने का प्रयास करते रहे। इसी बीच पुलिस ने प्रदर्शन में इस्तेमाल किए गए एसी और ई-रिक्शा को भी अपने कब्जे में ले लिया।
घटना के बाद पीड़ित आयुष जैन और उनकी पत्नी प्रियंका जैन भी कोतवाली पहुंच गए। वहीं व्यापारिक संगठनों के कई प्रतिनिधि भी थाने पहुंचकर मामले में हस्तक्षेप करते नजर आए, जिससे स्थिति और अधिक गर्मा गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.