मुजफ्फरनगर: वाहन चेकिंग के दौरान मुठभेड़, पुलिस ने बाइक चोर को किया गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में रविवार शाम पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। वाहन चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक बाइक चोर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपी कई आपराधिक मामलों में वांछित था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
चेकिंग के दौरान बढ़ा मामला, पुलिस पर की फायरिंग
थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि रविवार शाम पुलिस टीम निरगाजनी गंग नहर झाल के पास नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति वहां से गुजरता दिखाई दिया।
पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। शक होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे घेर लिया।

खुद को घिरता देख आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से वह घायल हो गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के साथ सीकरी चौकी प्रभारी सपन चौधरी, उपनिरीक्षक सुमित, हेड कांस्टेबल परवीन कुमार, आदित्य, देवराज और गौरव शामिल रहे।
22 आपराधिक मामलों में था आरोपी
पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान शहजाद पुत्र सत्तार, निवासी सरवट मोहल्ला (थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर) के रूप में की है। वह एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मेरठ, सरधना और मुजफ्फरनगर सहित विभिन्न थानों में चोरी और अन्य अपराधों के 22 मामले दर्ज हैं।
चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक चोरी की स्प्लेंडर बाइक, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
जांच में सामने आया कि बरामद बाइक 20 मई को सीकरी गांव से एक घर के बाहर से चोरी की गई थी।
अस्पताल में भर्ती, पूछताछ जारी
घायल आरोपी को तुरंत भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.