मुजफ्फरनगर: परशुराम जन्मोत्सव पर टाउनहॉल से निकली विशाल शोभायात्रा

मुजफ्फरनगर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर टाउनहॉल परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें शहरभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि लक्सर विधायक उमेश शर्मा, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोद्धानंद महाराज और आयोजक शरणदीप कौशिक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की गई। इस दौरान सभी वक्ताओं ने भगवान परशुराम के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भगवान परशुराम किसी एक वर्ग विशेष के नहीं, बल्कि पूरे समाज के पूज्य हैं। वहीं विधायक उमेश शर्मा ने सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने पर जोर दिया। महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोद्धानंद महाराज ने ब्राह्मण समाज से संगठित होकर सनातन धर्म के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस आयोजन की खास बात सर्वसमाज की भागीदारी रही, जिसने कार्यक्रम को सामाजिक एकता का प्रतीक बना दिया। शोभायात्रा टाउनहॉल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों—मालवीय चौक, अंसारी रोड, बकरा मार्केट, आबकारी रोड, हनुमान चौक और भगत सिंह रोड—से होते हुए शिव चौक पहुंची।
इसके बाद यात्रा झांसी की रानी और सदर बाजार मार्ग से गुजरते हुए पुनः टाउनहॉल परिसर में समाप्त हुई। शोभायात्रा में शामिल पांच बैंड और भगवान परशुराम की जीवंत झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा नेता गौरव स्वरूप, पूर्व विधायक संगीत सोम, प्रमोद उटवाल, अशोक कंसल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अंत में आयोजक शरणदीप कौशिक ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.