मुजफ्फरनगर: लेंसकार्ट स्टोर पर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, कर्मचारियों को तिलक-कलावा बांधा

मुजफ्फरनगर में नई मंडी स्थित लेंसकार्ट स्टोर पर बुधवार शाम उस समय हलचल मच गई, जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। उन्होंने स्टोर कर्मचारियों को तिलक लगाया और उनके हाथों में कलावा बांधा। यह घटनाक्रम हाल के दिनों में देशभर में धार्मिक प्रतीकों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सामने आया है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि कुछ लेंसकार्ट स्टोर्स में कर्मचारियों को तिलक, बिंदी, कलावा या सिंदूर जैसे धार्मिक प्रतीक न पहनने के लिए कहा जा रहा है। हालांकि कंपनी की ओर से ऐसे किसी आधिकारिक निर्देश की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इस मुद्दे पर कई जगह विरोध देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में शिवसेना के युवा जिलाध्यक्ष शौंकी शर्मा अपने समर्थकों के साथ स्टोर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को तिलक लगाया और कलावा बांधते हुए कहा कि अगर धार्मिक प्रतीकों पर रोक जैसी कोई बात सामने आती है, तो जिले में लेंसकार्ट के स्टोर्स का विरोध किया जाएगा।
स्टोर के कर्मचारियों ने इस दौरान बिना किसी आपत्ति के तिलक और कलावा स्वीकार किया। वहीं स्टोर मैनेजर सौरभ शर्मा ने स्पष्ट किया कि कंपनी की ओर से धार्मिक प्रतीकों को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से कंपनी के साथ जुड़े हैं और उन्हें इस तरह के किसी निर्देश की जानकारी नहीं है।
फिलहाल यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। स्टोर पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.