बिजली विभाग पर मंत्री अनिल कुमार सख्त, बोले- जनता पर मुकदमा स्वीकार नहीं

मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर गांधी कॉलोनी बिजलीघर पर हुए प्रदर्शन के बाद हालात गरमा गए हैं। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की खबर सामने आते ही मामला सरकार तक पहुंच गया, जिस पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कड़ी नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने 20 से 25 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने के विरोध में गांधी कॉलोनी बिजलीघर पर प्रदर्शन किया था। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की बात कही जा रही थी।
जैसे ही यह सूचना कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार तक पहुंची, उन्होंने बिजली विभाग के मुख्य अभियंता विनोद गुप्ता को फोन कर सख्त लहजे में आपत्ति जताई। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बिजली संकट से परेशान जनता पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है और इस तरह की कार्रवाई को किसी भी हाल में सही नहीं ठहराया जा सकता।
फोन पर बातचीत के दौरान मंत्री ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने ट्रांसफार्मर बदलने में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब व्यवस्था बहाल करने में 20 से 25 घंटे लगेंगे तो जनता को राहत कैसे मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति में तत्काल सुधार किया जाए।
इसके बाद मंत्री अनिल कुमार ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से भी बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट से परेशान लोगों के प्रदर्शन और उसके बाद हुई इस राजनीतिक प्रतिक्रिया ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.