मुजफ्फरनगर: भीषण गर्मी में पुलिसकर्मियों के लिए राहत, चौराहों पर लगाए गए शेड

मुजफ्फरनगर में तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच सड़क पर लंबे समय तक ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों और राहगीरों को राहत देने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। एसपी सिटी अमृत जैन के निर्देश पर शहर के प्रमुख चौराहों, ट्रैफिक प्वाइंट और पुलिस चेकिंग स्थलों पर शेड लगाए जा रहे हैं।
नगर पालिका के सहयोग से शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य धूप में तैनात पुलिसकर्मियों को राहत पहुंचाना और आम लोगों को छाया उपलब्ध कराना है। पिछले कई दिनों से जारी गर्मी में पुलिस जवान लगातार ट्रैफिक नियंत्रण, सुरक्षा ड्यूटी और चेकिंग अभियानों में सड़क पर डटे हुए हैं, ऐसे में यह कदम उनके लिए राहतकारी साबित हो रहा है।

शहर के महावीर चौक, रोडवेज बस स्टैंड, अहिल्याबाई चौक, मीनाक्षी चौक, अस्पताल तिराहा, एसडी मार्केट, एसडी तिराहा, नॉवेल्टी चौक, प्रकाश चौक और राणा चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर शेड लगाए गए हैं। इसके साथ ही बिलासपुर कट, गांधी कॉलोनी चौराहा, विश्वकर्मा चौक, टिकैत चौक, अलमासपुर चौराहा और भोपा अंडरपास जैसे पुलिस चेकिंग प्वाइंट भी इस व्यवस्था में शामिल किए गए हैं।
पुलिस विभाग की इस पहल को स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों दोनों ने सराहा है। लोगों का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था से गर्मी के मौसम में ड्यूटी कर रहे जवानों को बड़ी राहत मिलेगी और राहगीरों को भी सुविधा मिलेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.