मुजफ्फरनगर: मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में सिविल लाइन थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी सिर्फ अपहरण का आरोपी नहीं, बल्कि नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाने वाला एक शातिर अपराधी है। जांच में सामने आया है कि लुधियाना जेल से फरार होने के बाद वह कई राज्यों में नाबालिगों के अपहरण और दुष्कर्म जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहा है।
जानकारी के अनुसार 19 जून को सिविल लाइन क्षेत्र से एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर 10 विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। आरोपी की तलाश के दौरान करीब एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और टोल प्लाजा डेटा के साथ तकनीकी निगरानी की मदद ली गई।

सोमवार देर रात करीब 11:25 बजे रुड़की रोड के बामनहेड़ी इलाके में पुलिस चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन चालक ने वाहन तेज रफ्तार से भगा दिया। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने कार छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और एक पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें सतपाल उर्फ सत्तू के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर की पिस्टल, कारतूस, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, ओरा कार और अपहृत किशोरी के सोने के आभूषण बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से चंडीगढ़ का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, लूट और दुष्कर्म सहित करीब दो दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह लगभग 15 साल जेल में रह चुका है और कभी एक संगठित गैंग से भी जुड़ा रहा है। फरवरी 2026 में लुधियाना जेल से फरार होने के बाद से वह लगातार अलग-अलग राज्यों में अपराध कर रहा था।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। एसपी सिटी अमृत जैन ने अस्पताल पहुंचकर पुलिसकर्मियों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उसके सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.