मुजफ्फरनगर: मंदिर में हाथ जोड़कर खड़ा हुआ, फिर शुरू की चोरी; CCTV में कैद वारदात

मुजफ्फरनगर में शनिवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने हनुमान मंदिर में पूजा की थालियों से पैसे चोरी कर लिए। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिव चौक के पास स्थित हनुमान मंदिर का है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुबह करीब 10:25 बजे मंदिर पहुंचा और सामान्य श्रद्धालु की तरह व्यवहार करने लगा। वह पहले इधर-उधर घूमता रहा और फिर हनुमानजी की मूर्ति के सामने हाथ जोड़कर खड़ा हो गया, जिससे लोगों को लगा कि वह पूजा-अर्चना कर रहा है।
इसी दौरान उसने मौका देखकर मंदिर में अलग-अलग स्थानों पर रखी पूजा की थालियों से धीरे-धीरे पैसे निकालकर अपनी जेब में रखना शुरू कर दिया। आरोपी ने केवल एक जगह ही नहीं, बल्कि कई थालियों से रुपये चुराए और करीब 10 मिनट तक मंदिर में मौजूद रहा।
बताया जा रहा है कि उसने दानपात्र के पास रखी थाली से भी पैसे निकाले और बाद में दूसरी मूर्तियों के पास जाकर वही हरकत दोहराई। इस तरह उसने करीब 12 थालियों से नकदी चोरी की।
पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी मंदिर परिसर में सामान्य रूप से घूमता हुआ दिखाई दे रहा है।
कुछ समय बाद जब मंदिर के पुजारी को पूजा की थालियां खाली मिलीं, तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आ गई।
मंदिर समिति के सदस्य अंकित गर्ग ने बताया कि घटना के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और शिकायत दर्ज कराई गई है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.