मुजफ्फरनगर: तालाब ओवरफ्लो होने से बाल्मीकि बस्ती में जलभराव, घरों में घुसा गंदा पानी

HIGHLIGHTS
- तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर बस्ती तक पहुंचा
- ग्रामीणों ने प्रधान और सचिव को पहले भी दी थी जानकारी
- पानी निकासी का रास्ता नहीं होने से बढ़ी परेशानी
मुजफ्फरनगर: चरथावल विकासखंड के बिरालसी गांव की बाल्मीकि बस्ती में बारिश और तालाब का गंदा पानी घरों में घुस गया है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर बस्ती तक पहुंच गया, जिससे कई घरों में पानी भर गया और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब की खुदाई के बाद उसकी पक्की बाउंड्री वॉल नहीं बनाई गई। इसके अलावा पानी की निकासी के लिए भी उचित व्यवस्था नहीं की गई। बारिश होने पर तालाब का पानी बस्ती की ओर आ जाता है और घरों में जलभराव की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय निवासी पूनम ने बताया कि तालाब से पानी निकलने का रास्ता नहीं होने के कारण पानी सीधे उनके घर में घुस रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान और सचिव को इस समस्या की कई बार जानकारी दी गई। वीडियो बनाकर भी स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पानी की निकासी कराने, तालाब की पक्की चारदीवारी बनवाने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि निकासी की समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पानी की निकासी की व्यवस्था कराकर जलभराव की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.