मुजफ्फरनगर: बिहारी मजदूर से मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

मुजफ्फरनगर: चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बिहारी मजदूर के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
वायरल फुटेज में एक व्यक्ति मजदूर को सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन आरोपी लगातार मजदूर पर हमला करता रहता है। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच आक्रोश फैल गया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित मजदूर बिहार का रहने वाला है और वह गांव में ही एक व्यक्ति के यहां काम करता था। काम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इसी विवाद के चलते मजदूर के साथ सरेआम मारपीट की गई।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद चरथावल पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़ित से भी पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.