मुजफ्फरनगर: 13 अप्रैल को योगी-जयंत का कार्यक्रम, मंत्री ने तैयारियों का लिया जायजा

मुजफ्फरनगर। 13 अप्रैल को प्रस्तावित योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के दौरे को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस मौके पर एक बड़ी जनसभा और रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसे सफल बनाने के लिए प्रशासन और राजनीतिक स्तर पर तेजी से काम चल रहा है।
इसी कड़ी में बुधवार को कोर्ट रोड स्थित जिला सहकारी बैंक सभागार में अहम बैठक बुलाई गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने की।
बैठक के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाला रोजगार मेला युवाओं के लिए बड़ा अवसर लेकर आएगा, जहां विभिन्न कंपनियां उन्हें नौकरी के मौके देंगी।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश सरकार की रोजगार और युवा केंद्रित नीतियों को भी सामने लाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह जताया और कहा कि यह जनसभा प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों के प्रति जनता के भरोसे को दर्शाएगी।
बैठक में सहकारी क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी का भरोसा दिलाया। कोऑपरेटिव बैंक के पदाधिकारियों ने बताया कि हजारों सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अंत में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर संकल्प लिया कि 13 अप्रैल की इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाया जाएगा और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.