मुजफ्फरनगर: व्हाट्सएप कॉल से निवेश का झांसा, युवक से 1.09 लाख की साइबर ठगी

मुजफ्फरनगर। ऑनलाइन निवेश के नाम पर एक युवक से करीब 1.09 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जनपद के खुर्जा देहात निवासी संदीप कुमार वर्तमान में शहर की श्याम विहार कॉलोनी (सर्कुलर रोड) में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया गया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को ‘क्वाइन बेस एक्सचेंज’ से जुड़ा बताते हुए ऑनलाइन निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया।
झांसे में आकर संदीप ने छह अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल 1,09,000 रुपये विभिन्न खातों में जमा कर दिए। जब उन्होंने निवेश पर लाभ की रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कॉल उठाना बंद कर दिया और बाद में मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ कर लिया। तब उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी
अनजान व्हाट्सएप कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें।
निवेश पर असामान्य रूप से अधिक मुनाफे का दावा करने वालों से सावधान रहें।
टेलीग्राम या अन्य ऐप के जरिए दिए गए निवेश प्रस्तावों की जांच करें।
घर बैठे मोटी कमाई के झांसे में न आएं।
किसी भी अज्ञात व्यक्ति से ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
संदिग्ध नंबरों की जानकारी आधिकारिक स्रोत से ही सत्यापित करें।
एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर अपराध को लेकर सतर्क रहें। ठगी की आशंका या घटना होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.