मुजफ्फरनगर: बाइक और मारुति इको की टक्कर में युवक की मौत, छह गंभीर रूप से घायल

मुजफ्फरनगर। रतनपुरी क्षेत्र के सठेडी रजबहे के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत खतौली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 19 वर्षीय हिमांशु पुत्र बालकिशन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को मेरठ और मोदीपुरम के अस्पताल में रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सठेडी गांव निवासी हिमांशु, देवराज (पुत्र महीपाल) और अक्षय (पुत्र सुशील) अपनी बाइक पर बड़सू की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सठेडी रजबहे के पास उनकी बाइक की सीधी टक्कर सामने से तेज रफ्तार मारुति इको कार से हो गई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर पलटी हुई कार को उठाया और अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला। रतनपुरी पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और सभी घायलों को एंबुलेंस से खतौली अस्पताल भिजवाया।
खतौली अस्पताल में चिकित्सकों ने हिमांशु को मृत घोषित किया। वहीं, बाइक सवार अन्य दो युवक देवराज और अक्षय की गंभीर स्थिति के कारण उन्हें मेरठ हायर सेंटर रेफर किया गया। कार सवार तीन महिलाएं – साजरीन, नसीम और शाहीन – तथा कार चालक रिहान (कैली थाना, दौराला, मेरठ) को मोदीपुरम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में देवराज और अक्षय की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक हिमांशु का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अभी तक किसी भी पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मृतक हिमांशु और घायल देवराज सठेडी इंटर कॉलेज के छात्र हैं, जबकि अक्षय ने अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.