सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव की हत्या में नए सुराग, यूपी तक पहुंची जांच

HIGHLIGHTS
- भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच लगातार गहराती जा रही है।
- पुलिस को इस वारदात में अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने का शक है।
- जांच एजेंसियों ने सीमावर्ती थानों को सतर्क कर दिया है और विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड में करीब सात से आठ लोग शामिल हो सकते हैं।
- पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों ने आपसी संपर्क और सूचना साझा करने के लिए एक अलग व्हाट्सएप समूह बनाया था।
कोलकाता। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच लगातार गहराती जा रही है। पुलिस को इस वारदात में अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने का शक है। जांच एजेंसियों ने सीमावर्ती थानों को सतर्क कर दिया है और विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड में करीब सात से आठ लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों ने आपसी संपर्क और सूचना साझा करने के लिए एक अलग व्हाट्सएप समूह बनाया था। जांच अधिकारियों का मानना है कि पूरी वारदात योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों में दो पेशेवर निशानेबाज भी शामिल थे। घटना में इस्तेमाल की गई दूसरी मोटरसाइकिल को उत्तर 24 परगना जिले के बारासात इलाके से बरामद कर लिया गया है। वहीं सीसीटीवी जांच के दौरान एक लाल रंग की कार की भी पहचान हुई है, जिसके जरिए आरोपी घटना के बाद फरार हुए होने की आशंका जताई जा रही है।
मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल की टीम उत्तर प्रदेश भी पहुंची है। बताया जा रहा है कि जिस कार का इस्तेमाल चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोकने के लिए किया गया था, उस पर लगा नंबर सिलीगुड़ी निवासी जेम्स विलियम्स के नाम पर पंजीकृत है। जानकारी के मुताबिक, उसने अपनी निसान माइक्रा कार बेचने के लिए विज्ञापन दिया था और उत्तर प्रदेश के कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया था। पुलिस अब उन्हीं लोगों से पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे मध्यमग्राम के दोहारिया इलाके में दो मोटरसाइकिलों और एक कार में सवार बदमाशों ने चंद्रनाथ रथ की कार को घेर लिया था। इसके बाद बेहद नजदीक से गोलीबारी की गई, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में वाहन चालक भी घायल हुआ था।
राज्य सरकार ने इस सनसनीखेज हत्या की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस का कहना है कि पूरी वारदात को अंजाम देने में हमलावरों को केवल 50 सेकंड लगे। चंद्रनाथ रथ की कार के आसपास करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। जांच में यह भी सामने आया है कि अत्याधुनिक स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस का अनुमान है कि कार में बैठे हमलावरों ने मुख्य रूप से गोलीबारी की, जबकि दो मोटरसाइकिल सवार लगातार कार का पीछा कर रहे थे। मामले की जांच कई राज्यों तक फैल चुकी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.