फैजान सलमानी केस में एनआईए की बड़ी कार्रवाई, स्वार में घर-घर पहुंचकर की पूछताछ

अहमदाबाद में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी फैजान शेख उर्फ फैजान सलमानी मामले की जांच अब और तेज हो गई है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम रविवार सुबह उत्तर प्रदेश के स्वार क्षेत्र पहुंची और स्थानीय पुलिस-प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर जांच पड़ताल की।
एनआईए अधिकारियों ने फैजान सलमानी और उसके नाबालिग दोस्त मुकीम (17) के घर पहुंचकर परिजनों से लंबी पूछताछ की और कई अहम जानकारियां जुटाईं। इस दौरान टीम ने दोनों के संपर्कों और गतिविधियों से जुड़े पहलुओं को खंगाला।
फैजान के घर पर सर्च ऑपरेशन के दौरान एक मोबाइल फोन की जांच की गई, जबकि एक अन्य कीपैड मोबाइल को जब्त कर लिया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
टीम सुबह करीब साढ़े छह बजे फैजान के घर पहुंची और घर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान फैजान के पिता शकील अहमद सलमानी के मोबाइल फोन की भी जांच की गई। जानकारी के अनुसार, उस समय शकील एक शादी समारोह में काम करने गए हुए थे, जिसके बाद एनआईए टीम ने उन्हें बाद में अहमदाबाद पहुंचने के निर्देश दिए।
परिवार ने बताया कि शकील ईद से पहले अपने बेटे फैजान से जेल में मुलाकात करने भी गए थे।
इसी कार्रवाई के तहत एनआईए की एक अन्य टीम मेन रोड स्थित मुन्ना के घर भी पहुंची, जहां मुकीम के बारे में जानकारी जुटाई गई। बताया जा रहा है कि मुकीम, फैजान का करीबी दोस्त है और उसके साथ संपर्क में रहता था।
पूरे ऑपरेशन के दौरान एनआईए ने स्थानीय पुलिस की मदद से पूछताछ की और सभी जरूरी दस्तावेज व जानकारी एकत्र की। एडिशनल एसपी अनुराग सिंह ने भी एनआईए टीम की मौजूदगी और जांच की पुष्टि की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.