सीमा पार कर भारत में घुसा पाक युवक, बीएसएफ ने मौके पर दबोचा

राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक पाकिस्तानी युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार यह व्यक्ति एक ग्रामीण क्षेत्र में मवेशियों के बाड़े में छिपा मिला।
बाड़मेर के एसपी नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि पकड़ा गया युवक 24 वर्षीय हिंडाल है, जो पाकिस्तान के मीठी क्षेत्र के नयातला गांव का रहने वाला है। शुरुआती जांच में सामने आया कि वह रात के समय सीमा की फेंसिंग पार कर लगभग 200 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में घुस आया था। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने उसे गो-शाला के पास संदिग्ध रूप से घूमते देखा और तुरंत इसकी सूचना सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को दी।
बीएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़कर प्रारंभिक पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार उसके पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु या दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। पूछताछ के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए सेडवा थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उस संभावित मार्ग और सीमा पिलरों की जांच शुरू कर दी है, जिनसे होकर वह भारतीय सीमा में प्रवेश कर सकता था। साथ ही, उसके पैरों के निशानों के आधार पर भी वास्तविक घुसपैठ मार्ग का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि युवक के भारत पहुंचने के उद्देश्य, परिस्थितियों और संभावित नेटवर्क की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि घुसपैठ के पीछे की मंशा स्पष्ट हो सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.