समय पर होंगे पंचायत चुनाव: ओमप्रकाश राजभर

खतौली (मुजफ्फरनगर)। प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्ट किया है कि पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भ्रम की स्थिति बनाई जा रही है, जबकि प्रक्रिया जारी है और 15 अप्रैल को अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
जानसठ रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में भागीदारी पार्टी (पी) द्वारा आयोजित वंचित-शोषित एकता रैली के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने बताया कि चुनाव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। बैलेट पेपर छपकर जिलों को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर, परीक्षाओं और जनगणना को लेकर फैलाई जा रही आशंकाओं का चुनाव कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है।
मंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि पहले दंगों की घटनाएं होती थीं, जबकि अब स्थिति नियंत्रण में है और माफिया तत्वों पर सख्त कार्रवाई की गई है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर ही चुनाव मैदान में उतरा जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने तीखी टिप्पणी की और कहा कि विपक्ष को पहले अपने कार्यकाल का आकलन करना चाहिए।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े प्रश्न पर मंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। यदि कोई कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा तो विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार संविधान के दायरे में रहकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर डॉ. महेश चंद्रा प्रजापति समेत कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.