पानीपत: कोर्ट परिसर के बाहर युवक पर हमला, अपहरण की कोशिश का आरोप

पानीपत: थाना किला क्षेत्र की हनुमान कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपने साढ़ू और साली पर कोर्ट परिसर के बाहर मारपीट और जबरन अपहरण की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों के साथ उसका चेक बाउंस से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है और उसी केस की सुनवाई के लिए वह शनिवार को अदालत पहुंचा था।
पीड़ित सुरेंद्र के अनुसार, उसने अपने साढ़ू को कुछ समय पहले आर्थिक मदद के तौर पर रकम उधार दी थी, लेकिन तय समय पर पैसे वापस नहीं किए गए। बाद में आरोपी ने भुगतान के लिए चेक दिया, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया। इसके बाद सुरेंद्र ने अदालत का सहारा लिया, जहां निचली अदालत ने उसके पक्ष में निर्णय सुनाया था। इस फैसले को आरोपियों ने ऊपरी अदालत में चुनौती दी थी।
बताया गया कि अपील की सुनवाई से पहले अदालत ने आरोपियों को कुछ राशि जमा करने के निर्देश दिए थे। शनिवार को इसी मामले की तारीख थी। सुरेंद्र का आरोप है कि जैसे ही वह कोर्ट परिसर से बाहर निकला, तभी आरोपी कुछ अन्य युवकों के साथ ईको कार में वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने की भी कोशिश की गई, जिसमें वह घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंप दी है।
शहर थाना प्रभारी मुकेश ने बताया कि मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.