पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, सांसद ने चाकू से हमले की कोशिश का लगाया आरोप

HIGHLIGHTS
- पप्पू यादव ने इसे हत्या की साजिश बताते हुए कहा कि वह डरने वाले नहीं हैं।
- समर्थकों ने कथित हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
- पप्पू यादव के वकील ने घटना को दिल्ली पुलिस की नाकामी बताया और जांच की मांग की।
नई दिल्ली: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हंगामे की खबर सामने आई है। आरोप है कि सांसद पप्पू यादव के साथ धक्कामुक्की और मारपीट की गई। इसके बाद पप्पू यादव के समर्थकों ने भी कथित तौर पर उस व्यक्ति की पिटाई कर दी, जिसने दिल्ली स्थित उनके आवास पर चल रही प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमला करने की कोशिश की थी।
पप्पू यादव ने क्या कहा?
सांसद पप्पू यादव ने घटना के बाद कहा कि उनके घर में घुसकर हमला करने की कोशिश की गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "मेरे घर में किसी ने घुसकर हमला किया। क्या अब लोग हमसे मिलने भी नहीं आ सकते? चाकू लेकर मारने आया।"
पप्पू यादव ने दावा किया कि उनके खिलाफ हत्या की साजिश रची गई थी, लेकिन वह बच गए। उन्होंने कहा कि कुछ बाबा लगातार धमकी दे रहे थे कि "मुझे मार दो, जला दो, हम 51 लाख रुपये देंगे।"
उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। सांसद ने कहा, "मैं पहले ही कई एफआईआर दर्ज करा चुका हूं। मेरे वकील भी यहां हैं। मैं डरने वाला नहीं हूं। अगर कोई मुझे मारना चाहता है तो मार दे।"
पप्पू यादव पर कथित हमले की कोशिश करने वाले व्यक्ति की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
समर्थक ने क्या कहा?
पप्पू यादव के एक समर्थक ने कहा कि सांसद लगातार जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही हमलावर ने पीछे से चाकू निकालने की कोशिश की, समर्थकों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और काबू में कर लिया।
समर्थक ने कहा कि अगर समय रहते उसे नहीं रोका जाता तो संभव है कि आज पप्पू यादव उनके बीच नहीं होते।
सांसद के वकील ने लगाए आरोप
पप्पू यादव के वकील ने इस घटना को दिल्ली पुलिस की नाकामी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे दिल्ली पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े होते हैं।
वकील ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी के साथ मिलकर छह बार चुने गए सांसद के खिलाफ साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से इस मामले को लेकर शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से ऐसे पोस्ट किए जा रहे हैं, जिनमें सिर काटने वाले को 51 लाख रुपये इनाम देने की बात कही जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.











Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.