बांकीपुर उपचुनाव के बाद PK का बड़ा हमला, बोले- SSP ने कार्यकर्ताओं को बेवजह परेशान किया

HIGHLIGHTS
- प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को मीडिया के सामने पेश किया।
- उन्होंने दावा किया कि 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें ज्यादातर पटना के निवासी थे।
- शनिवार को प्रशांत किशोर ने पटना SSP के खिलाफ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत की थी।
पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने पटना एसएसपी पर लगातार निशाना साधना शुरू कर दिया है। शनिवार को उन्होंने पटना एसएसपी के खिलाफ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत की थी।
इसके बाद रविवार को प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कुछ सबूत पेश किए और आरोप लगाया कि पटना एसएसपी चुनाव को प्रभावित करने के लिए जनसुराज कार्यकर्ताओं को बेवजह परेशान कर रहे हैं।
रात में कार्यकर्ताओं को उठाने का लगाया आरोप
प्रशांत किशोर ने कहा कि जब भी वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से चुनाव आयोग को कोई शिकायत भेजी गई, तो पटना एसएसपी ने जवाब दिया कि चुनाव के दौरान बाहर से आए लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिरासत में लिया गया और गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविकता यह है कि 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें ज्यादातर पटना के रहने वाले थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इन लोगों के घरों में जाकर दबिश दी और सोते समय उन्हें पकड़ लिया। प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया कि घर में सो रहा व्यक्ति कानून का उल्लंघन कैसे कर सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पटना के एसएसपी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के निर्देश पर काम कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने एसएसपी पर गैर-पेशेवर रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 22 में पुलिस ने लोगों को धमकाकर मतदान करने से रोका।
ईमानदारी और संविधान के अनुसार ड्यूटी करने की अपील
प्रशांत किशोर ने पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को भी मीडिया के सामने पेश किया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने इन लोगों को बिना किसी कारण के उनके घर से जबरन उठाया।
जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने एसएसपी को चेतावनी देते हुए कहा, "हम आपसे आखिर तक लड़ेंगे। जरूरत पड़ी तो हम आपकी नौकरी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करेंगे।"
उन्होंने कहा कि पुलिस को अपनी ड्यूटी ईमानदारी से और संविधान के अनुसार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसुराज चुनाव जीते या हारे, उन्हें डराया नहीं जा सकता। पुलिस को कानून की जानकारी है, लेकिन वे भी कानून को समझते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.