काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे पीएम मोदी, श्रद्धालुओं से किया भावनात्मक संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के बाद पूरे कॉरिडोर का भ्रमण किया। मंदिर परिसर से निकलते समय गेट नंबर चार पर मौजूद लोगों का उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
बच्चों से की बातचीत, चेहरे पर दिखी मुस्कान
काशी विश्वनाथ धाम परिसर में प्रधानमंत्री मोदी ने वहां मौजूद छोटे बच्चों से मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की। पीएम के सवालों पर बच्चे मुस्कुराते नजर आए, जबकि श्रद्धालु उनके करीब से दर्शन पाकर काफी उत्साहित दिखे।
पूजा-अर्चना विधिवत तरीके से संपन्न
मंदिर गर्भगृह में प्रधानमंत्री ने षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पंडित ओम प्रकाश मिश्र सहित अन्य ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रों की गूंज सुनाई दी।
त्रिशूल और डमरू दिखाकर किया अभिवादन
पूजन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिशूल और डमरू दिखाकर भक्तों का अभिवादन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।
काशी में उत्साह का माहौल
पीएम के स्वागत के लिए बनारस रेलवे स्टेशन के पास बने विशेष प्वाइंट पर स्कूली बच्चे भी पहुंचे थे। बच्चों ने हाथों में संदेश लिखे पोस्टर लेकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उन्हें देने के लिए छोटे उपहार भी लाए थे।
लहुराबीर चौराहे पर एनसीसी कैडेट्स, भाजपा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” के जयकारों के बीच उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
सुरक्षा के बीच भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री जैसे ही काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, डमरू की गूंज और शंखनाद के बीच उनका स्वागत किया गया। पूरे परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और हर ओर श्रद्धा और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.