कोलकाता दौरे पर पीएम मोदी का नदी सफर, गंगा और बंगाल की संस्कृति पर दिया संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता दौरे के दौरान आज सुबह हुगली नदी में नौका विहार किया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ नदी के सौंदर्य का आनंद लिया, बल्कि अपने कैमरे से आसपास के नजारों को भी कैद किया। प्रधानमंत्री ने इस अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कई तस्वीरें पोस्ट कीं।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि हुगली नदी की यात्रा के दौरान उन्हें “हुगली की विविध झलकियां” देखने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि नौका विहार के दौरान उन्होंने फोटोग्राफी का भी अनुभव लिया और विद्यासागर सेतु तथा हावड़ा ब्रिज जैसे प्रतिष्ठित स्थलों को करीब से कैमरे में उतारा।

अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने गंगा नदी के सांस्कृतिक महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि हर बंगाली के जीवन और भावनाओं में गंगा का विशेष स्थान है और यह नदी केवल जलधारा नहीं बल्कि एक समृद्ध सभ्यता की पहचान है। उनके अनुसार, हुगली के तट पर समय बिताना मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने जैसा अनुभव था।

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि इस दौरान उन्हें स्थानीय नाविकों और सुबह सैर पर निकले लोगों से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह मुलाकातें बेहद आत्मीय थीं और इससे उन्हें स्थानीय जीवन को करीब से समझने का मौका मिला। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के विकास और राज्य की समृद्धि के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।


इससे पहले शाम के समय प्रधानमंत्री ने कोलकाता में हावड़ा ब्रिज के पास एक रोड शो भी किया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने कहा कि यह रोड शो बंगाल में बदलाव की भावना और जनता की उम्मीदों को दर्शाता है। उन्होंने राज्य के विकास को लेकर अपनी पार्टी की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.