सुखबीर सिंह बादल पर हमले के बाद पीएम मोदी ने हरसिमरत कौर से की बात, स्वास्थ्य की ली जानकारी

HIGHLIGHTS
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरसिमरत कौर बादल से फोन पर सुखबीर बादल का हाल जाना।
- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के एसपी से घटना की जानकारी ली।
- महाराष्ट्र सरकार ने हमले के पीछे के मकसद की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुए हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जानकारी ली है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पुलिस को हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने और मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री योगेश कदम ने गुरुवार को बताया कि नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को लेकर उन्होंने महानिरीक्षक (आईजी) से बात की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूरी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और आरोपी पिछले दो वर्षों से गुरुद्वारे में स्वयंसेवक के तौर पर काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने धारदार हथियार से हमला किया और हमले को रोकने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से की बात
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी घटना का गंभीर संज्ञान लिया है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
उन्होंने हरसिमरत कौर बादल को आश्वासन दिया कि इस हमले के दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। हमलावरों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद उपमुख्यमंत्री शिंदे ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से सीधे संपर्क कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन को घटना की गहन जांच करने, सुरक्षा में हुई किसी भी चूक की जांच करने और इस घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
हमले में सुरक्षाकर्मी भी घायल
पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि सुखबीर सिंह बादल पर जसपाल सिंह ने गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी में हमला किया। इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे ने बादल को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी घायल हो गए। दोनों के हाथों में चोटें आई हैं।
दोनों घायलों को यशो साई अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद नांदेड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरे मामले की जांच की जा रही है। हमले में घायल सुखबीर सिंह बादल और सुरक्षा कर्मी की स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.