स्वतंत्रता दिवस से पहले भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, एसएसबी ने बढ़ाई निगरानी

HIGHLIGHTS
- इनरवा, बसंतपुर, भेड़िहारी समेत कई बॉर्डर प्वाइंटों पर विशेष निगरानी।
- भारत-नेपाल आने-जाने वाले लोगों के पहचान पत्र और सामान की जांच।
- संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर एसएसबी की पैनी नजर।
पश्चिम चंपारण। स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मैनाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में सीमा पर तैनात एसएसबी की 47वीं और 44वीं बटालियन के जवानों ने हाई अलर्ट जारी करते हुए निगरानी बढ़ा दी है।
इनरवा, बसंतपुर, भेड़िहारी, भंगहा, पचरौता, सिसवा, नगरदेही सहित अलग-अलग बॉर्डर प्वाइंटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए भारत से नेपाल और नेपाल से भारत आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की जा रही है। एसएसबी जवान यात्रियों के पहचान पत्रों की जांच करने के साथ उनके सामान की भी तलाशी ले रहे हैं। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
सीमा क्षेत्र में एसएसबी की ओर से पैदल गश्त भी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है। सीमा से सटे गांवों में भी जवानों की सक्रियता बढ़ाई गई है।
एसएसबी की ओर से स्थानीय लोगों से अपील की जा रही है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा बलों को दें।
अवैध गतिविधियों पर भी निगरानी
स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीमा से होने वाली अवैध गतिविधियों पर भी जवान नजर रख रहे हैं। बॉर्डर प्वाइंटों पर नियमित जांच के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त की जा रही है।
47वीं बटालियन के इनरवा कैंप में तैनात सहायक सेनानायक अंकित कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर सीमा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.