हरिओम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपी दीपक अग्रहरि गिरफ्तार

रायबरेली। जिले के चर्चित हरिओम हत्याकांड में शुक्रवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऊंचाहार के ईश्वर दासपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई फतेहपुर निवासी दलित हरिओम की हत्या के मुख्य आरोपी दीपक अग्रहरि को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। फिलहाल दीपक का उपचार डलमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
इस हत्या मामले में अब तक 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में दीपक अग्रहरि को मुख्य साजिशकर्ता के रूप में चिन्हित किया गया था। पुलिस की एसयूजी टीम उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार दोपहर डलमऊ के गंगा कटरी क्षेत्र में दीपक की मौजूदगी की सूचना मिलने पर एसओजी, ऊंचाहार और डलमऊ पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोचा। आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ। मौके से एक पिस्टल, कारतूस और बाइक भी बरामद हुई।
एसपी यशवीर सिंह ने बताया कि दीपक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उपचार के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि हत्या में और कौन-कौन शामिल थे और वारदात के पीछे की असल वजह क्या थी। फरार अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
इससे पहले बुधवार रात दो अन्य आरोपित शिवम अग्रहरि (पूरे बनियन, मजरे पचखरा) और हेमंत कुमार (जमुनापुर, पोस्ट ईश्वरदासपुर) को गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले मंगलवार को पकड़े गए शिव प्रसाद अग्रहरि, लल्ली पासी, आशीष पासी और सुरेश गुप्ता को जेल भेजा जा चुका है। अभी भी पुलिस की टीमें 10-15 अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.