ग्वालियर सड़क हादसे पर सीएम मोहन यादव सख्त, 8 पुलिसकर्मी निलंबित

HIGHLIGHTS
- झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए गए।
- निलंबित पुलिसकर्मियों में तीन थाना प्रभारी भी शामिल हैं।
- मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता मिलेगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास श्रद्धालुओं के साथ हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले में लापरवाही सामने आने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा तीन थाना प्रभारियों सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया तथा पवन सेंगर को निलंबित कर दिया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही पर कड़ा रुख
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में हुई दुर्घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता
हादसे में प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत देने के लिए मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की घोषणा की है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। दुर्घटना से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के बताए गए हैं।
मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। दोनों मंत्री प्रभावित परिवारों और घायलों की स्थिति का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.