दिल्ली में यमुना पर क्रूज सेवा की तैयारी, फिलहाल केवल साफ हिस्से में सवारी संभव

नई दिल्ली। यमुना नदी पर क्रूज सेवा शुरू करने की दिल्ली सरकार की तैयारी तेज हो गई है। हालांकि, जिस यमुना को देखकर दिल्लीवासी क्रूज का आनंद लेने का सपना देखते हैं, उसका बड़ा हिस्सा सालभर मलबे और गंदगी से भरा रहता है। फिलहाल क्रूज केवल उस खंड में चलेगा जहां पानी सबसे स्वच्छ है, जबकि बाकी हिस्सों के लिए यह सुविधा अभी दूर की कौड़ी है।
वजीराबाद से सोनिया विहार तक क्रूज सेवा
दिल्ली सरकार वजीराबाद बैराज से सोनिया विहार तक के लगभग 6-8 किलोमीटर हिस्से में क्रूज सेवा शुरू करने जा रही है। फरवरी से लोग इस सवारी का आनंद ले सकेंगे। इस इलाके में पानी पर्याप्त और साफ होने के कारण इसे क्रूज के लिए उपयुक्त माना गया है। यहीं से दिल्ली में पीने योग्य पानी की आपूर्ति भी की जाती है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सोनिया विहार का पानी आसपास के अन्य हिस्सों जैसे कालिंदी कुंज और पुस्ते की तुलना में 150-200 गुना अधिक स्वच्छ है, जिससे वाटर स्पोर्ट्स और पर्यटन के लिए संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
शहर के बाकी हिस्सों में क्रूज अभी सपना
दिल्ली के ओखला, कालिंदी कुंज, सराय काले खां, आईटीओ और गीता कॉलोनी जैसे हिस्सों में क्रूज अभी संभव नहीं है। यह इलाका सालभर सूखा, उथला और मलबे से भरा रहता है। बारिश के दौरान ही पानी भरता है, लेकिन वह भी लंबे समय तक नहीं टिकता। यही कारण है कि बाकी हिस्सों में क्रूज सेवा फिलहाल नहीं दी जा सकती।
यमुना का दिल्ली में विस्तार
यमुना पल्ला गांव से दिल्ली में प्रवेश करती है और जैतपुर के पास उत्तर प्रदेश की सीमा पर निकलती है। शहर में यह लगभग 52 किलोमीटर तक बहती है, जिसमें वजीराबाद से ओखला बैराज तक लगभग 22 किलोमीटर का शहरी हिस्सा आता है। इसी में से वजीराबाद से सोनिया विहार का 6-8 किलोमीटर का हिस्सा फिलहाल क्रूज के लिए उपयुक्त माना गया है।
डीटीटीडीसी संभालेगी क्रूज संचालन
दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) को इस क्रूज की संचालन जिम्मेदारी दी गई है। वजीराबाद से सोनिया विहार की राउंड ट्रिप एक घंटे की होगी और एक समय में इसमें 40 लोग सवार हो सकेंगे। क्रूज में संगीत, भोजन और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शुरुआत में समूह और व्यक्तिगत पैकेज दोनों उपलब्ध होंगे। क्रूज को 20 जनवरी को दिल्ली लाया जाएगा, जिसमें इंजन फिट किया जाएगा और फरवरी से इसे जनता के लिए समर्पित किया जाएगा। साथ ही, जिस क्षेत्र में क्रूज चलेगा वहां वाटर स्पोर्ट्स हब और मनोरंजन जोन भी विकसित किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.