राबड़ी देवी और लालू अब तेजस्वी यादव के घर में रहेंगे, पटना 10 सर्कुलर रोड से निकलने लगा सामान

पटना। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुवार को आवास से फर्नीचर, एसी और अन्य घरेलू सामान एक पिकअप वाहन के जरिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास पर भेजा गया। इस लगातार हो रही शिफ्टिंग ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को भी हवा दे दी है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार की ओर से आवास खाली करने का नोटिस पहले ही जारी किया गया था, जिसकी निर्धारित समय-सीमा 15 जून को समाप्त हो चुकी है। इसके बाद से ही घर का सामान चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। हालांकि राबड़ी देवी की ओर से कुछ अतिरिक्त समय देने की मांग भी की गई है।
गुरुवार को देखे गए शिफ्टिंग के दौरान घरेलू उपयोग का सामान, फर्नीचर और एसी जैसी वस्तुएं वाहनों में लादकर तेजस्वी यादव के सरकारी आवास भेजी गईं। बताया जा रहा है कि यह प्रक्रिया धीरे-धीरे जारी है और बाकी सामान भी अलग-अलग स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी बड़ी मात्रा में सामान गोला रोड स्थित गौशाला और कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास पर भेजा जा चुका है। अब बचे हुए सामान को भी धीरे-धीरे हटाया जा रहा है।
सूत्र यह भी बताते हैं कि राबड़ी देवी ने सरकार को पत्र लिखकर आवास खाली करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है। इसके साथ ही लालू प्रसाद यादव के लिए नए आवास में एक अतिरिक्त कमरे की व्यवस्था का अनुरोध भी किया गया है। इस पर अभी सरकार की ओर से कोई अंतिम निर्णय नहीं आया है।
लगातार चल रही शिफ्टिंग से संकेत मिल रहे हैं कि 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास को खाली करने की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच रही है, हालांकि परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक समय-सीमा घोषित नहीं की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.