'गृह मंत्री अमित शाह में हिम्मत नहीं', राहुल का सरकार पर बड़ा हमला, जानें और क्या कहा

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष पिछले 15 दिनों से इन मुद्दों पर जवाब की मांग कर रहा है।
- राम मंदिर में कथित चोरी के मामले पर भी पीएम मोदी से जवाब देने की मांग की।
- झारखंड के प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। इस बार उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर हमला करने का आदेश किसने दिया था, अमित शाह को सामने आकर इसका जवाब देना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मुद्दा यह नहीं है कि अमित शाह संसद में आकर सामान्य विषयों पर भाषण देंगे। उन्होंने कहा कि सवाल हमेशा यह रहा है कि अमित शाह को स्पष्ट करना चाहिए कि दिल्ली में युवाओं पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया था। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया और छात्रों को कील लगी लाठियों से पीटा गया। उन्होंने कहा कि अमित शाह को साफ बताना चाहिए कि क्या उन्होंने इसका आदेश दिया था या नहीं।
राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर PM मोदी से जवाब मांगा
राहुल गांधी ने राम मंदिर में कथित चोरी के मुद्दे को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बेहद करीबी लोगों ने राम मंदिर में चोरी की है और इस मामले पर पीएम मोदी को जवाब देना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि ये तीन प्रमुख मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि अब अमित शाह कह रहे हैं कि वह बोलने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष को उनकी मनगढ़ंत बातों में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष यह जानना चाहता है कि क्या अमित शाह ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था या नहीं।
उन्होंने कहा कि पहले अमित शाह को इस बात को पूरी तरह स्पष्ट करना चाहिए और उसके बाद ही किसी चर्चा का सवाल उठता है। राहुल गांधी के मुताबिक, विपक्ष पिछले 15 दिनों से यही मांग कर रहा है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि अमित शाह में संसद में आकर विपक्ष के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों में यही देखने को मिला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न ही अमित शाह में हिम्मत है।
झारखंड में छात्रों पर बल प्रयोग को बताया गलत
झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि राज्य सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल गलत है।
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और बातचीत के जरिए ही समस्या का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने झारखंड सरकार से छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.