दिल्ली के सभी स्कूलों का होगा सुरक्षा ऑडिट, उपराज्यपाल ने दिए निर्देश

दिल्ली में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी के सभी स्कूलों में व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में बुधवार को लोकनिवास में हुई उच्चस्तरीय बैठक में पोक्सो एक्ट के प्रावधानों के अनुपालन की समीक्षा की गई और शिक्षा विभाग को सभी स्कूलों में नियमों की सख्त जांच के निर्देश दिए गए।
बैठक में दिल्ली पुलिस कमिश्नर, महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव और शिक्षा निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उपराज्यपाल ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और सुरक्षित वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सभी स्कूलों में होगा सुरक्षा ऑडिट
निर्देशों के अनुसार, दिल्ली के हर स्कूल में पोक्सो एक्ट के तहत निर्धारित नियमों के पालन की स्थिति का विस्तृत आकलन किया जाएगा। इसमें स्कूलों की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, जागरूकता कार्यक्रम और शिकायत निवारण प्रणाली की समीक्षा शामिल होगी। जहां भी लापरवाही या कमी पाई जाएगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों के आसपास बढ़ेगी पुलिस निगरानी
उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस को स्कूल परिसरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। खासकर छुट्टी के समय और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अभिभावकों का भरोसा मजबूत हो।
अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति
बैठक में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ छेड़छाड़, उत्पीड़न और अन्य अपराधों पर कड़ा रुख अपनाने पर जोर दिया गया। प्रशासन ने कहा कि राजधानी में ऐसा सुरक्षित माहौल बनाया जाएगा, जहां हर बच्चा बिना डर के शिक्षा प्राप्त कर सके।
विभागों के बीच बेहतर समन्वय
उपराज्यपाल ने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई हो सके और किसी भी घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.