सहारनपुर: शादीशुदा महिला ने पहले प्रेमी के साथ मिलकर दूसरे को उतारा मौत के घाट, ऐसे खुला राज

सहारनपुर में पांच महीने पहले मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि युवक की हत्या प्रेम संबंधों के विवाद में की गई थी। पुलिस के अनुसार, मृतक की प्रेमिका ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों ने युवक को शराब पिलाने के बाद पुल से नीचे धक्का दे दिया था। पुलिस ने महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि 13 नवंबर 2025 को ईदगाह रोड स्थित रुहाड़ा इलाके में 30 वर्षीय आशु का शव पानी में तैरता हुआ मिला था। आशु गंगोह के मोहल्ला मकदूम जहां सराय बड़ा बगड़ का रहने वाला था। घटना के बाद मृतक के भाई सचिन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। लंबी जांच के बाद पुलिस ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। मामले में सोनू और रूबी नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो उसी मोहल्ले के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस की जांच में पता चला कि रूबी का पहले से गांव रंगेल निवासी सोनू के साथ प्रेम संबंध था। बाद में सोनू की शादी हो जाने के कारण दोनों के बीच मुलाकात कम हो गई। इसी दौरान रूबी की नजदीकियां अपने ही मोहल्ले में रहने वाले आशु से बढ़ गईं। कुछ समय बाद रूबी और सोनू फिर से संपर्क में आ गए। इस स्थिति में आशु उनके बीच बाधा बन रहा था।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने आशु को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 12 नवंबर 2025 की रात रूबी और सोनू आशु को नानौता के ईदगाह रोड स्थित रुहाड़ा पुल पर ले गए। वहां उन्होंने उसे शराब पिलाई। जब आशु नशे में हो गया तो दोनों ने मिलकर उसे पुल से नीचे पानी में धक्का दे दिया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से गंगोह की ओर भाग गए। जाते समय रूबी ने आशु का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले लिया और बाद में गांव सांगाठेड़ा के पास एक तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने मोबाइल की तलाश की, लेकिन अब तक वह बरामद नहीं हो पाया है। बताया गया है कि रूबी शादीशुदा है और उसका पति मजदूरी का काम करता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.