सहारनपुर: युवती की बेरहमी से हत्या, पार्टी के बहाने बुलाया, फिर चाकू से हमला कर फेंका था शव

सहारनपुर जिले के मिर्जापुर कोतवाली क्षेत्र में नौगांवा गांव के पास रजबहे में मिली युवती के शव की पहचान पुलिस ने कर ली है। जांच में सामने आया है कि मृतका बागपत जिले के खेकड़ा क्षेत्र स्थित एनबीसीसी कॉलोनी की रहने वाली थी। शुरुआती पड़ताल में हत्या के पीछे व्यक्तिगत संबंधों को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 22 वर्षीय युवती का शव रजबहे में पड़ा मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
जांच में यह सामने आया कि युवती के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे और उसका गला भी रेता गया था, जिससे मामला बेहद गंभीर और सुनियोजित प्रतीत हो रहा है। शुरुआत में पहचान न हो पाने के कारण जांच में दिक्कत आई, लेकिन गर्दन के नीचे बने तितली के टैटू के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित की और परिजनों तक पहुंच बनाई।
सूत्रों के मुताबिक, युवती को किसी बहाने से बुलाया गया था, जहां उसकी हत्या कर शव को रजबहे में फेंक दिया गया। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
मामले की पड़ताल के लिए पुलिस ने आसपास के फार्म हाउसों में काम करने वाले कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.