मुजफ्फरनगर में एसडीएम ने रैन बसेरों का किया निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। बढ़ती शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी और तहसीलदार सदर राधेश्याम गौड़ ने रेलवे स्टेशन पर संचालित रैन बसेरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में ठहर रहे निराश्रित और जरूरतमंद व्यक्तियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, कंबल, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने कहा कि रैन बसेरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त कंबल और बिस्तर सुनिश्चित किए जाएं।
रात्रि में एसडीएम प्रवीण द्विवेदी ने भोपा पुल और जानसठ पुल के नीचे सो रहे बेसहारा लोगों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित रूप से रैन बसेरों में पहुँचवाया। इस दौरान कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि रात में भी नियमित गश्त की जाए और खुले में सो रहे किसी भी व्यक्ति को रैन बसेरे तक पहुंचाया जाए, ताकि ठंड से किसी की सेहत पर असर न पड़े।
उप जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न होने पर जोर दिया और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई जरूरतमंद व्यक्ति सुविधा से वंचित न रहे।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि वे किसी व्यक्ति को खुले में सोते हुए देखें, तो तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि उसे सुरक्षित आश्रय स्थल तक पहुँचाया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.