उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर, पंजाब में पारा 1.1 डिग्री तक लुढ़का

नई दिल्ली। उत्तर भारत में शनिवार को कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी राज्यों तक ठंड का असर साफ दिखाई दिया। कश्मीर घाटी में तापमान कई दिनों से शून्य से नीचे बना हुआ है, जबकि दिल्ली में इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। ठिठुरन भरी ठंड और घने कोहरे के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पंजाब में होशियारपुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 1.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है। राज्य के अन्य शहरों में भी पारा बेहद नीचे रहा। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री, फरीदकोट और गुरदासपुर में 3.2 डिग्री, बठिंडा में 3.4 डिग्री, चंडीगढ़ में 4 डिग्री, पटियाला में 4.4 डिग्री, रूपनगर में 4.5 डिग्री और लुधियाना में 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार सुबह कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर कुछ स्थानों पर 50 मीटर से भी कम रह गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में ‘शीत दिवस’ जैसी स्थिति बन सकती है, जहां दिन का अधिकतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ने के रूप में देखा जा रहा है।
राजधानी दिल्ली में शनिवार की सुबह इस सीजन की सबसे सर्द रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री कम होकर 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते चार दिनों में तापमान में लगभग चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। घने कोहरे के चलते आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई, जिससे उड़ानों पर भी असर पड़ा। मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे को देखते हुए दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में पाले की मार और मैदानी इलाकों में कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम की ठंड ज्यादा तीखी महसूस की जा रही है। राज्य के कुछ हिस्सों में पाला और घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा भी शीतलहर की चपेट में है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के चलते प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग तीन डिग्री कम दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ में रात का तापमान गिरकर 1.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग के अनुसार मेवात और अंबाला को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
राजस्थान में भी गलन भरी ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। लगातार गिरते तापमान के बीच राज्य के 26 जिलों में सोमवार तक अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने रविवार को भी करीब एक दर्जन जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सीकर में रात का पारा तीन डिग्री से नीचे चला गया।
ठंड और घने कोहरे का असर सड़क यातायात पर भी पड़ा है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरे के कारण हुई सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.