शामली: हाईवे पर हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, कीमत 3 करोड़

दिल्ली–सहारनपुर हाईवे पर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 565 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान वसीबू निवासी दहरा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। उसे कांधला थाना पुलिस ने गांव भारसी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से हेरोइन के अलावा एक मोबाइल फोन और 1800 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
लोनी से लाई गई थी हेरोइन
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से हेरोइन लेकर कांधला इलाके में सप्लाई करने के लिए आया था। उसे यह नशीला पदार्थ शौकीन उर्फ काला नाम के व्यक्ति ने दिया था, जो सहारनपुर जिले के नकुड़ क्षेत्र के गांव घाटमपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी इलाके में रहता है।
आरोपी के मुताबिक, उसे निर्देश दिया गया था कि वह कांधला पहुंचकर भारसी मोड़ के पास उतर जाए और इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क करे। इसके बाद गिरोह का कोई अन्य सदस्य वहां पहुंचकर बैग ले जाता।
मोबाइल जांच में मिले सुराग
पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें “साकिब खान 100” नाम से एक इंस्टाग्राम आईडी मिली, जिस पर बच्चे की तस्वीर लगी हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि इस आईडी पर आखिरी कॉल 9 अप्रैल को रात 11:45 बजे की गई थी।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी शौकीन उर्फ काला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.