होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे जहाज पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला, इंजन रूम क्षतिग्रस्त

HIGHLIGHTS
- ओमान का तटरक्षक दल चालक दल की मदद कर रहा है
- हमले की जिम्मेदारी अभी किसी ने नहीं ली
- जहाज या उसके माल की जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई
होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजर रहे एक जहाज को मंगलवार तड़के अज्ञात प्रोजेक्टाइल ने निशाना बनाया। ब्रिटिश सेना के यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) केंद्र के मुताबिक, हमले में जहाज के इंजन रूम को नुकसान पहुंचा और चालक दल का एक सदस्य हताहत हुआ। फिलहाल किसी संगठन या देश ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इस घटना के बाद एक बार फिर इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
क्या जहाज पर हमले में किसी की मौत हुई?
UKMTO ने जहाज या उसके माल से संबंधित कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। यह भी तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि चालक दल का सदस्य हमले में मारा गया है या घायल हुआ है। एजेंसी के अनुसार, ओमान का तटरक्षक बल जहाज के अन्य चालक दल के सदस्यों की मदद कर रहा है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, अब तक समुद्र में किसी तरह के पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।
क्यों अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य?
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। युद्ध से पहले दुनिया के कुल कारोबार वाले तेल का करीब पांचवां हिस्सा इसी मार्ग से होकर गुजरता था। ऐसे में यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और तेल बाजार पर असर पड़ने की आशंका रहती है। ईरान ने 28 फरवरी को इस्राइल और अमेरिका के हमलों के बाद इस जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद कर दिया था। अमेरिका भी फिलहाल इस मार्ग से ईरानी जहाजों की आवाजाही रोकने के लिए नाकेबंदी कर रहा है।
क्या ईरान और ओमान के बीच हो रही है बातचीत?
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिलहाल रुकी हुई है। इसी बीच ईरान, ओमान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के प्रबंधन को लेकर अलग से बातचीत कर रहा है। ईरान ने सोमवार को कहा था कि दोनों पक्ष एक संयुक्त बयान जारी करने की योजना के अंतिम विवरण पर काम कर रहे हैं।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ओमान को लेकर कथित तौर पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के पत्रकार ट्रे यिंग्स्ट से फोन पर बातचीत के दौरान कथित तौर पर चेतावनी दी कि यदि ओमान रास्ते में बाधा बनता है तो अमेरिका उस पर हमला कर सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.