मुजफ्फरनगर में ‘शूटर गैंग’ के नाम से दहशत, ग्रामीणों ने एसएसपी से की शिकायत

मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया पर खुद को ‘शूटर गैंग’ बताकर दहशत फैलाने के आरोपों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव जट मुझेड़ा के दर्जनों ग्रामीणों ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि ‘उमेश कुमार 315’ नाम से चल रही एक इंस्टाग्राम आईडी और उससे जुड़े कुछ युवक लंबे समय से गांव में दबंगई का माहौल बना रहे हैं। आरोप है कि ये युवक सोशल मीडिया पर मारपीट, धमकी और गैंगस्टर जैसी गतिविधियों से जुड़े वीडियो और स्टोरी लगातार पोस्ट करते हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि 25 मई को गांव के ही विशाल पुत्र हरवीर के साथ आरोपियों ने मारपीट की थी, जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
गांव निवासी बंटी सैनी ने आरोप लगाया कि ये युवक आए दिन राह चलते लोगों को डराने-धमकाने और विवाद खड़ा करने की कोशिश करते हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर लगातार डाले जा रहे आपत्तिजनक वीडियो के कारण गांव का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

ग्रामीणों ने एसएसपी से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर रोक लगाई जाए और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में हालात और बिगड़ सकते हैं और लोग असुरक्षा के कारण पलायन को मजबूर हो सकते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.