भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 83,800 के पार

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की घोषणा और विदेशी निवेशकों की सकारात्मक रूचि से बुधवार को भारतीय शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी ने पिछले दिन की बढ़त को कायम रखा, हालांकि आईटी सेक्टर में बड़ी गिरावट ने पूरे बाजार में उछाल को सीमित कर दिया।
सुबह के कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 68.49 अंक की बढ़त के साथ 83,816.96 पर खुला, जबकि 50 शेयरों वाला निफ्टी 51.90 अंक उछलकर 25,779.45 पर पहुंच गया। वहीं, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में 22 पैसे की गिरावट दर्ज की गई।
कंपनियों का प्रदर्शन
सेंसेक्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी प्रमुख लाभकारी कंपनियों में शामिल रहीं। इसके विपरीत, इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा में 5 प्रतिशत तक की गिरावट रही, जिससे बीएसई आईटी इंडेक्स 4.95 प्रतिशत घटकर 35,311.34 पर आ गया।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील
भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते के तहत अमेरिकी सरकार भारतीय उत्पादों पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर देगी। यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि अगस्त 2025 से अमेरिकी बाजार में प्रवेश करने वाली भारतीय वस्तुओं पर भारी टैरिफ लागू था।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के प्रमुख रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने बताया कि अमेरिका-भारत समझौते से बाजार में आई तेजी बनाए रखने में आईटी सेक्टर में बिकवाली एक बाधा हो सकती है।
एशियाई और वैश्विक बाजार
एशियाई बाजारों में मिश्रित प्रवृत्ति रही। दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि जापान का निक्केई 225, शंघाई का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट में थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को कमजोर बंद हुए।
कच्चे तेल और विदेशी निवेश
ब्रेंट क्रूड का भाव 0.68 प्रतिशत बढ़कर 67.77 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने शेयर बाजार में 5,236.28 करोड़ रुपये की खरीदारी की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 1,014.24 करोड़ रुपये का निवेश किया।
सेंसेक्स मंगलवार को 2,072.67 अंक या 2.54 प्रतिशत बढ़कर 83,739.13 पर और निफ्टी 639.15 अंक या 2.55 प्रतिशत बढ़कर 25,727.55 पर बंद हुआ था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.