यूपी में आंधी-तूफान का कहर, 8 की मौत; कई जिलों में भारी तबाही

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच सोमवार देर रात और मंगलवार सुबह अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया। लखीमपुर, गोंडा, सीतापुर, बस्ती, संतकबीरनगर और शाहजहांपुर में अलग-अलग हादसों में आठ लोगों की मौत की सूचना है।
तेज हवाओं के चलते कई जगह टिनशेड उड़ गए, मकानों की दीवारें ढह गईं और स्कूलों की बाउंड्रीवॉल भी क्षतिग्रस्त हो गई। लखीमपुर के कारीबडेरी गांव में आंधी के दौरान लगी आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 40 घर जलकर खाक हो गए। वहीं बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई, सैकड़ों पोल टूटने से कई गांवों में अंधेरा छा गया।
गोंडा में मनकापुर-अयोध्या रेल मार्ग पर पेड़ गिरने से रेल यातायात बाधित हो गया। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वंदे भारत एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी को ट्रैक पर रोकना पड़ा, जिससे संचालन प्रभावित हुआ। आंधी के कारण आम और केले की फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है।
शाहजहांपुर में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेड़ और होर्डिंग गिरने से यातायात कुछ समय के लिए ठप रहा। इसके अलावा बेहटा गोकुल और कहेलिया स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से पद्मावत एक्सप्रेस का पेंटोग्राफ क्षतिग्रस्त हो गया और ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन (OHE) ट्रिप कर गई। इससे रेल संचालन करीब छह घंटे तक प्रभावित रहा और कई ट्रेनें बीच रास्ते में खड़ी रहीं।
लखीमपुर में नेशनल हाईवे-30 पर भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन घंटों बाधित रहा, जिससे लंबा जाम लग गया। वन विभाग और प्रशासन की टीम ने सुबह पहुंचकर रास्ता साफ कराया।
बस्ती के रघुनाथपुर गांव में आंधी-बारिश के दौरान एक पीपल का पेड़ गिरने से बड़ा हादसा हो गया। एक घर के छप्पर पर पेड़ गिरने से अंदर सो रहे सात लोगों में से एक चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
मितौली क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ लगी आग ने 40 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। कई लोगों की गृहस्थी जलकर राख हो गई और कुछ मवेशियों की भी मौत की खबर है। शाहजहांपुर में दीवार गिरने से एक किसान की जान चली गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इसी बीच प्रदेश में तापमान ने भी रिकॉर्ड स्तर छू लिया है। बांदा में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह देश का सबसे गर्म स्थान रहा। राजस्थान का श्रीगंगानगर 47.0 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर और महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी 46.6 डिग्री के साथ तीसरे स्थान पर रहा। आगरा में देर शाम हल्की बूंदाबांदी से कुछ राहत जरूर मिली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.