"स्मार्ट मीटर वापस लो"- नागरिकों का विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर में स्मार्ट मीटर के लगने के विरोध में सोमवार को भारी जनाक्रोश देखने को मिला। भारतीय किसान मजदूर सर्वसमाज के नेतृत्व में सैकड़ों लोग नगर पालिका परिसर में एकत्र हुए और विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोग "स्मार्ट मीटर वापस लो" और "मनमानी बंद करो" जैसे नारे लगा रहे थे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं की अनुमति के बिना स्मार्ट मीटर थोप रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम खान ने बताया कि ऊर्जा मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि किसी भी उपभोक्ता पर स्मार्ट मीटर जबरन नहीं लगाया जाएगा। लेकिन जमीनी स्तर पर इसके विपरीत कार्रवाई हो रही है।
खान ने कहा कि कई जगहों पर उपभोक्ताओं की अनुपस्थिति में भी स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। विरोध जताने पर अधिकारियों ने मंत्री के आदेशों को गलत तरीके से पेश कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया।
उन्होंने यह भी बताया कि स्मार्ट मीटर आम जनता के लिए कई समस्याएं उत्पन्न कर रहे हैं, जैसे बढ़े हुए बिजली बिल, तकनीकी गड़बड़ियाँ और पारदर्शिता की कमी। खान ने सरकार से मांग की कि जिन उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए, उन्हें इसके लिए बाध्य न किया जाए। साथ ही, जिन घरों में मीटर पहले से लगा है, उन्हें इसे हटवाने का विकल्प दिया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज होगा और भविष्य में व्यापक सड़क प्रदर्शन किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.