तीन घंटे सीबीआई ने की पूछताछ, बाहर आते ही बोले सुरेश राठौर- उर्मिला सनावर कौन?

HIGHLIGHTS
- सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की।
- साल 2025 में सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की तस्वीरें-वीडियो चर्चा में आए थे।
- दोनों के संबंधों और दूसरी शादी को लेकर काफी चर्चाएं हुई थीं।
हरिद्वार। कभी उर्मिला सनावर के बाल संवारते हुए तो कभी काठमांडू में दूसरी शादी की तस्वीरों और वीडियो को लेकर चर्चा में रहे पूर्व विधायक सुरेश राठौर शनिवार को सीबीआई की पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर के नाम से ही अनजान नजर आए।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वह उर्मिला सनावर को नहीं जानते। हालांकि, सीबीआई ने करीब तीन घंटे तक उनसे पूछताछ की, जिसमें उर्मिला से जुड़े सवाल भी शामिल रहे। पूछताछ खत्म होने के बाद राठौर जिस तेजी से अपनी गाड़ी में बैठकर घर के लिए रवाना हुए, वह भी चर्चा का विषय रहा।
दूसरी शादी को लेकर खूब हुई थी चर्चा
ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रह चुके सुरेश राठौर की पहचान रविदासाचार्य के रूप में भी रही है। साल 2025 में सुरेश राठौर और सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर की कुछ तस्वीरों और वीडियो ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी। इन तस्वीरों और वीडियो के बाद दोनों के बीच नजदीकियों और दूसरी शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
दोनों ने मीडिया के सामने आकर अपने संबंधों पर खुलकर बात भी की थी। हालांकि, कुछ महीने बाद ही उनके बीच विवाद शुरू हो गया। दिसंबर 2025 में दोनों के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया।
इस मामले से राजनीतिक हलचल तेज हो गई और सरकार को कई साल बाद केस की सीबीआई जांच की संस्तुति करनी पड़ी। भाजपा से निष्कासन और कई मुकदमे दर्ज होने के बाद सुरेश राठौर को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ा।
शनिवार को सीबीआई की पूछताछ के बाद जब मीडिया ने सुरेश राठौर से उर्मिला सनावर को लेकर सवाल किए, तो वह नाराज हो गए। परेशान नजर आ रहे राठौर ने कहा कि वह किसी उर्मिला सनावर को नहीं जानते। इतना कहने के बाद वह अपनी कार में बैठे और तेज रफ्तार से वहां से निकल गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.