उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने जारी किया पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य/प्रवर (पीसीएसी) अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 की मुख्य (लिखित) परीक्षा का परिणाम बुधवार देर रात जारी कर दिया। आयोग ने कुल 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए सफल घोषित किया है। इच्छुक अभ्यर्थी यह परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर देख सकते हैं।
पीसीएस के 947 पदों पर भर्ती के लिए वर्ष 2025 में मुख्य परीक्षा 26 जून से 2 जुलाई तक लखनऊ और प्रयागराज के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 13,776 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। चयन में कुल 24 प्रकार के पद शामिल हैं। इनमें से 60 पद ऐसे हैं, जिन पर केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन होगा। इन पदों का अंतिम चयन परिणाम के साथ ही घोषित किया जाएगा। शेष 887 पदों पर चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा।
यूपीपीएससी के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि परीक्षा से संबंधित 15 रिट याचिकाएं इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विचाराधीन हैं। इन याचिकाओं से जुड़े अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल घोषित नहीं किया गया है। संबंधित अभ्यर्थियों का अंतिम चयन न्यायालय के आदेशों के अधीन रहेगा।
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम भी राज्य सरकार द्वारा योजित विशेष अपील के अंतर्गत उच्च न्यायालय के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा। आयोग सचिव ने यह भी बताया कि सफल अभ्यर्थियों के पदों, साक्षात्कार और अधिकारिक विवरण की जानकारी बाद में अलग से जारी की जाएगी।
अशोक कुमार ने यह स्पष्ट किया कि मुख्य परीक्षा में प्राप्तांक, कट-ऑफ अंक और अन्य विवरण केवल अंतिम चयन परिणाम के बाद ही घोषित किए जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि इस संबंध में व्यक्तिगत आवेदन या सूचना का अधिकार के तहत अनुरोध न करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.