दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर आग का तांडव, पिकअप जलने से तीन की मौत

रैणी। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रैणी थाना क्षेत्र में रात करीब एक बजे हुआ, जब एक पिकअप वाहन में टक्कर के बाद अचानक आग भड़क उठी।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में आशंका है कि पिकअप को चालक की ओर से किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मारी। टक्कर लगते ही वाहन में आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पिकअप में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। तीनों शव सीटों से चिपके हुए हालत में मिले।
मृतकों की पहचान मोहित (बहादुरगढ़, हरियाणा), दीपेंद्र (सागर, मध्यप्रदेश) और पदम (सागर, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में पिकअप चालक हन्नी (झज्जर, हरियाणा) गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।
आग लगते ही एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, जब तक बचाव कार्य शुरू हुआ, तब तक पिकअप पूरी तरह जल चुकी थी। आग बुझाने के लिए मौके पर तत्काल पानी की व्यवस्था न होने से लोग बेबस नजर आए।
पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। शवों को रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि हादसे के सही कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.