अयोध्या के बीकापुर में रहस्यमयी परिस्थितियों में मामा-भांजे समेत तीन की मौत

अयोध्या। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के कुढा कल्याणपुर चकडुहिया गांव में बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में तीन लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। मृतकों में मोहम्मद तफसीर उर्फ छोटू, उनके जीजा अल्ताफ (22) और अल्ताफ का 7 माह का पुत्र अल्तमस शामिल हैं।
प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद नफीस ने बताया कि अल्ताफ अपने परिवार के साथ बुधवार शाम तफसीर के घर आए थे। रात में भोजन के बाद सभी तख्त पर सो गए। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे अचानक तफसीर और अल्ताफ की तबियत बिगड़ गई, जबकि अल्तमस पहले से ही अस्वस्थ चल रहा था।
परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां तफसीर की मृत्यु हो गई। अल्ताफ की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। वहीं, अल्तमस को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी भी जान नहीं बच सकी। अल्ताफ का शव पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी जहरीले जंतु के काटने या फूड प्वॉइजनिंग के चलते यह घटना हुई हो सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.