मुजफ्फरनगर में बीजेपी नेता के घर चोरी करने वाले बदमाशों से मुठभेड़, एक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- पचेंडा रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस को बाइक सवार दो संदिग्ध मिले।
- पीछा करने पर दोनों बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर ईख के खेत में घुसे।
- पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की।
मुजफ्फरनगर। बीजेपी के वरिष्ठ नेता जय भगवान शर्मा के घर चोरी करने वाले बदमाशों की सोमवार शाम करीब 5 बजे नई मंडी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी किया गया गैस सिलेंडर, तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार, पुलिस पचेंडा रोड पर प्लेटिनम रिसोर्ट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। बाइक के बीच में एक गैस सिलेंडर रखा हुआ था। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश मोटरसाइकिल और सिलेंडर छोड़कर ईख के खेत में घुस गए।
खेत में घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
सीओ ने बताया कि पुलिस टीम ने खेत में बदमाशों की घेराबंदी कर उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नबाब हैदर पुत्र चांद मियां उर्फ हसन, निवासी न्याजुपुरा, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है। फरार आरोपी आफताब पुत्र दिलशाद, निवासी न्याजुपुरा की तलाश की जा रही है।
30 अक्टूबर को दर्ज हुआ था चोरी का मुकदमा
चोरी की यह वारदात नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की बच्चन सिंह कॉलोनी की गली नंबर 8 में बीजेपी नेता जय भगवान शर्मा के घर हुई थी। 30 अक्टूबर को उनके बेटे ऋषभ देव शर्मा ने नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
शिकायत के अनुसार, घर से नकदी, दो गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
सीओ के मुताबिक, पूछताछ में नबाब हैदर ने अपने साथी आफताब के साथ रात के समय जय भगवान शर्मा के मकान में चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद गैस सिलेंडर भी उसी मकान से चोरी किया गया था। आरोपी ने बताया कि चोरी का बाकी सामान पहले ही बेच दिया गया है।
देहरादून से चोरी की थी मोटरसाइकिल, पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल करीब एक महीने पहले देहरादून से चोरी की गई थी। इस बाइक का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, गैस सिलेंडर, बिना नंबर प्लेट की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल और चोरी के उपकरणों से भरा बैग बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, नबाब हैदर के खिलाफ सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में चोरी, नकबजनी, शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी आफताब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार तलाश कर रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.