अमरोहा में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरने से तीन की मौत, छह घायल

HIGHLIGHTS
- ताजपुर डूंगर गांव में दोपहर करीब तीन बजे हुआ हादसा।
- बारिश शुरू होने के बाद परिवार के लोग लिंटर के नीचे बैठे थे।
- मलबे में दबे नौ लोगों को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर डूंगर में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। किसान के निर्माणाधीन मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया, जिसके नीचे बैठे परिवार के सदस्य और रिश्तेदार मलबे में दब गए। हादसे में किसान की बेटी मीना (26), नाती जसप्रीत (02) और सास सुमरती (65) की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गांव निवासी किसान मुरारी अपने खेत में नया मकान बनवा रहे थे। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे मकान के लिंटर की ढलाई पूरी हुई थी। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बचने के लिए निर्माणाधीन मकान के लिंटर के नीचे बैठकर खाना खाने लगे। तभी अचानक लिंटर गिर गया और सभी लोग मलबे के नीचे दब गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे नौ लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में मुरारी की बेटी मीना, दो वर्षीय नाती जसप्रीत और सास सुमरती की मौत हो गई।
वहीं, दामाद शिव कुमार, नाती नवीन, ससुर केशवराम, बेटा प्रशांत, भतीजा शिवम और ग्रामीण रवि घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों के परिजनों को मिलेगी पांच-पांच लाख रुपये की सहायता
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएम डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
डीएम ने बताया कि मृतकों के परिजनों को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा, सभी एसडीएम को बरसात के मौसम में किसी भी मकान का लिंटर नहीं डालने देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने के लिए कहा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.