चंबा में दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरने से दो युवकों की मौत

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोली के पास छतरी मोड़ क्षेत्र में रात करीब 2 बजे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, वाहन करीब 800 फीट नीचे तक लुढ़कता हुआ दूसरी सड़क तक पहुंच गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक चंबा शहर के सरू गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान 29 वर्षीय लखन पुत्र मनोहर लाल और 31 वर्षीय अंकुश पुत्र स्वर्गीय ज्ञानचंद के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी की जानी बाकी है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी डलहौजी मयंक चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इसके साथ ही दमकल विभाग की टीम ने भी खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद सरू गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.