मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग महिला को कुचला

मुजफ्फरनगर। जिले के तितावी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8 बजे सैदपुर-अमीरनगर अंडरपास के पास हुआ। बताया जा रहा है कि गांव सैदपुर निवासी 60 वर्षीय सोना अपने पशुओं के लिए खेत से चारा लेने जा रही थीं। जैसे ही वह अंडरपास के नीचे पहुंचीं, तभी रेत से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने महिला के शव को किसी तरह ट्रक के नीचे से बाहर निकाला और उसके बाद आक्रोश में सड़क पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि इस मार्ग पर लगातार ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहन दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ट्रक चालक की पिटाई, पुलिस ने संभाली स्थिति
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस के पहुंचने से पहले और बाद में भी भीड़ ने आक्रोश जताया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीओ फुगाना विश्वजीत सिंह और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और हालात को काबू में किया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.