सीतापुर में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से दादी-पोते की मौत

सीतापुर जिले में बिसवां–महमूदाबाद मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दादी और पोते की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर कला थाना क्षेत्र के ग्राम लौना निवासी 19 वर्षीय विशाल पांडेय अपनी 60 वर्षीय दादी ज्ञाना देवी को बाइक से लेकर महमूदाबाद की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे महमूदाबाद–बिसवां मार्ग पर एक बाइक एजेंसी के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है।
परिजनों के अनुसार, ज्ञाना देवी अपने बेटे वीरेंद्र कुमार को देखने लखनऊ अस्पताल जा रही थीं। वीरेंद्र कुछ दिन पहले छत से गिरकर घायल हो गया था और उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, मृतक विशाल पांडेय का विवाह लगभग डेढ़ साल पहले हुआ था। परिवार में हाल ही में खुशियां आई थीं, जब 1 मई को उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.